महराजगंज। होली के दौरान कोई खलल न पड़ने पाए, इसके लिए पुलिस ने कवायद तेज कर दी है। जगह-जगह शांति समितियों की बैठकें आयोजित कर शांतिपूर्वक त्योहार मनाए जाने की अपील और शांति भंग करने वालों को कड़ी चेतावनी व डीजे सिस्टम न बजाने की हिदायत दी गई।
चौक बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, थाना परिसर में सदर एसडीएम की अध्यक्षता में हुई पीस कमेटी की बैठक में ग्राम प्रधानों से शांति सुरक्षा के मसले पर पुलिस से सहयोग करने की अपील की गई। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार राय ने लोगों से कहा कि वे परंपरागत तरीके से होली मनाएं। किसी भी प्रकार का नशीला पदार्थ जैसे शराब, गाजा आदि का सेवन करने से लोग बचें।
लेहड़ा बाजार/बृजमनगंज प्रतिनिधि के अनुसार, बृजमनगंज थाना परिसर में मंगलवार शाम पीस कमेटी की बैठक में क्षेत्राधिकारी राजाराम यादव ने पर्व को आपसी प्रेम व भाई चारे के साथ मनाने की सीख दी। इसके साथ ही लोगों से किसी भी प्रकार के समस्या और कानून को हाथ में लेने वाले लोगों व अन्य अराजकतत्वों के खिलाफ सूचना देने के लिए लोगों से अपील की।
थानाध्यक्ष चंद्रेश यादव ने कहा कि होली के दिन सड़क पर हुड़दंग कदापि न करें। ट्रिपल बाइकिंग के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही समय से पहले होली जुलूस निकालने की अपील की।राकेश जायसवाल, दिलीप चौधरी, अमित पासवान, मिट्ठूू यादव, रिजवान, जलालुद्दीन, दिलीप गुप्ता, रामजीत चौधरी, गोपाल, राजदेव यादव, अरविंद कुमार मिश्र समेत कई प्रधान और गणमान्य मौजूद रहे।
सिसवा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, कोठीभार में पीस कमेटी की बैठक में थानाध्यक्ष कोठीभार आनंद कुमार गुप्ता ने कहा कि सभी लोग होली का त्योहार आपसी भाईचारे के साथ मनाएं। पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन कटिबद्ध है। शांतिपूर्ण व आपसी सौहार्द वातावरण में त्योहार को तभी मनाया जा सकता है जब हमें जनता का भी भरपूर सहयोग मिलेगा। मिठाई दुकानदार मिलावटी मिठाई न बेचें।
निचलौल प्रतिनिधि के अनुसार, पीस कमेटी की बैठक में निचलौल थाना प्रभारी सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि होली में डीजे नहीं बजेगा। उत्पात करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उनकी जगह जेल में होगी। सम्मत वाली जगह पर पुलिस के जवान मौजूद रहेंगे। कोई शिकायत होगी तो तुरंत फोन करेंगे। कोर्ट वार्ड में सम्मत की पूजा करने महिलाएं आती हैं, वहां पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
कोतवाल तेज प्रताप श्रीवास्तव ने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। पुलिस प्रशासन आपके साथ है। गांव कस्बे में कहीं किसी भी प्रकार की सूचना मिले तो पुलिस को तुरंत सूचित करें। इस दौरान उन्होंने अपना मोबाइल नंबर भी सभी को दिया।