बुधवार की रात कोल्हुई में हाइवे पर ट्रक पलट जाने से आवागमन बाधित हो गया ।
- फोटो : अमर उजाला
कोल्हुई/सिसवां बाजार। चौराहे पर स्टेट बैंक और पूर्वांचल ग्रामीण बैक के सामने गोरखपुर से सोनौली जा रहा रिफाइंड ऑयल लदा ट्रक पलट गया। उसकी चपेट में आईं दो दुकानें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। जबकि चालक और खलासी सुरक्षित है। घटना बुधवार देर रात की है। सिसवा बाजार। कस्बे के गोल्डेन बाइपास पर बृहस्पतिवार को दो बाइक की टक्कर में मां-बेटे घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक रिफाइंड ऑयल लदा ट्रक गोरखपुर से सोनौली जा रहा था। कोल्हई चौराहे के पास मोड़ पर पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। पलटते समय ट्रक की चपेट में दो दुकानें आ गईं, जिससे दोनों दुकानों का भारी नुकसान हो गया। ट्रक पलटने आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए और भीड़ जुट गई। इससे वहां जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना का जायजा लिया और जाम हटाने की कोशिश की। सड़क पर पलटने के कारण कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा।
सिसवा कस्बे के गोल्डेन बाइपास पर बृहस्पतिवार को दो बाइक की टक्कर में मां-बेटे सामने से आ रही डीसीएम की चपेट में आ गए, जिससे दोनों के पैर बुरी तरह से कुचल गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया।
बृहस्पतिवार को दोपहर लगभग 12 बजे कस्बे के दक्षिण टोला निवासी अमित पाठक पुत्र गिरजा शंकर पाठक अपनी मां उर्मिला देवी को बाइक पर बैठाकर पोस्ट ऑफिस से पैसा निकालने के लिए निकले। अमित अभी गोल्डेन बाइपास पर स्थित अतिथि भवन के सामने पुलिया के पास पहुंचे थे कि सामने से आ रहे तेज गति बाइक सवार से आमने-सामने की टक्कर हो गई। अमित की बाइक अनियंत्रित हो गई और वे सड़क पर अपनी मां को लेकर गिर गए।
मौका देख दूसरा बाइक सवार भाग निकला। उसी समय पीछे से तेज रफ्तार से आ रही डीसीएम की चपेट में अमित और उनकी मां उर्मिला देवी आ गए और दोनों लोगों के पैर बुरी तरह से कुचल गए। दोनों घायलों को स्थानीय लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद गोरखपुर मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। लोगों ने डीसीएम चालक को पकड़ कर स्थानीय चौकी प्रभारी सतीश कुमार सिंह को सौंप दिया। लोगों का कहना था कि डीसीएम चालक शराब के नशे में धुत था, जिसकी वजह से घटना घटी।