चोरी की सूचना के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने शुरू की जांच। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।
- फोटो : अमर उजाला
नौतनवा। नगर के महेंद्रनगर वार्ड में मंगलवार की रात चोरों ने मकान के मेन गेट पर लगा ताला तोड़ दिया और कमरों में दाखिल हो गए। कमरों में आलमारी और बक्सों को तोड़कर नकदी, जेवर, कपड़े आदि सामान लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। बुधवार सुबह पड़ोस के लोगों ने गृहस्वामी को सूचना दी। बाद में सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने चोरी की घटना की छानबीन शुरू कर दी है।
महेन्द्रनगर मुहल्ले की मुख्य सड़क पर शैल गुप्ता का मकान है। उनके पति राधेश्याम गुप्ता का कुछ वर्षों पहले देहांत हो चुका है। वह घर में अकेली रहती हैं। सोमवार को मकान में ताला बंदकर वह अपने मायके गोरखपुर किसी काम से चली गई थीं। बुधवार सुबह पड़ोस के लोगों ने देखा कि उनके घर का मेन गेट खुला हुआ है। शक होने पर उन्हें फोन किया। उसके बाद वह गोरखपुर से नौतनवा पहुंचीं तो देखा कि घर के अंदर कमरों का ताला टूटा हुआ है।
एक कमरे में रखी आलमारी और बक्से टूटे पड़े हैं तथा सामान कमरों में बिखरा हुआ है। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। शैल के मुताबिक, उनके आलमारी के लॉकर और बक्सों में रखे जेवर, नकदी, कपड़े आदि सामान गायब हैं। चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत के आंकलन में समय लगेगा।
घटना की जानकारी के बाद वहां आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गयी और नगर में हो रही चोरियों पर लोगों ने नाराजगी जाहिर कीर और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। लोगों का कहना था कि नगर में हाल के महीनों में हुई एक भी चोरी का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर पाई है। इससे चोरों का मनोबल बढ़ा है।
एसओ रामायण यादव कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।