निचलौल (ब्यूरो)। भारत-नेपाल सीमा से सटे अशोकवां के निकट बुधवार की रात करीब एक बजे एसएसबी व वन विभाग की संयुक्त टीम ने दो बोटा साखू की लकड़ी के साथ तीन बाइक सवार तस्करों को पकड़ा। पकड़े गए लकड़ी तस्कर भारतीय जंगलों से लकड़ियां काट कर उसे नेपाल में बेचते थे।
सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के मधवलियां रेंज अंतर्गत स्थित ग्राम अशोकवां के निकट बुधवार की रात करीब एक बजे एसएसबी के सब इंस्पेक्टर मदन सिंह धामी व वन दरोगा रामसूरत की संयुक्त टीम गश्त पर थी कि इस बीच दो मोटरसाइकिल बार्डर की तरफ आते दिखाई दी।
बार्डर के निकट एसएसबी जवानों ने बाइक रोकना चाहा तो लकड़ी तस्कर भागने लगे। एसएसबी जवानों ने पीछा किया तो वे बाइक छोड़ भागने लगे। जवानों ने दौड़ा कर तीनों को दबोच लिया। और मौके से दो बोटा साखू की लकड़ी सहित दो बाइक नंबर यूपी 56 डी 8865 व यूपी 53 एल 4015 बरामद की।
पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने अपना नाम अनूप गुप्ता निवासी खैरहवां कृष्णा चंद बरगदवा टोला बरेठवां व शुभम गुप्ता निवासी शीशगढ़ के विरुद्ध फारेस्ट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। इस संबंध में रेंजर मधवलियां आरएन तिवारी का कहना है कि पिछले कई दिनों से ऐसी सूचना मिल रही थी। जिसके बाद विभाग व एसएसबी द्वारा संयुक्त टीम बनाकर गश्त करने के दौरान सफलता मिली है।