नौतनवा के जयहिंद चौराहे पर बृहस्पतिवार देर रात मोबाइल के थोक विक्रेता की दुकान में घुसे चोर नकदी समेत कीमती सामान उठा ले गए। शुक्रवार को शटर का ताला टूटा देख व्यापारियों में उबाल आ गया। पुलिस के प्रति नाराजगी जताई। तहरीर देकर शीघ्र पर्दाफाश की मांग की।
नौतनवा थाना क्षेत्र के वाल्मीकि नगर निवासी इम्तियाज अहमद की जय हिंद चौराहे पर मोबाइल गैलरी के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार रात दस बजे वह दुकान बंद किए। शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने उन्हें सूचना दी कि दुकान की शटर का ताला टूटा है और एक तरफ थोड़ा उठा भी है।
घटना की सूचना पुलिस को दी। दुकान में रखे कई कीमती मोबाइल सेट, लैपटॉप, रिचार्ज कार्ड तथा काउंटर बाक्स से करीब 60 हजार रुपये गायब थे। मोबाइल के खाली डिब्बे दुकान में बिखरे पड़े हैं। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चोरी की बढ़ती घटनाओं से पुलिस के खिलाफ व्यापारियों में नाराजगी है। इस संबंध में थाना इंचार्ज रामायण यादव का कहना है कि दुकानदार की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस तलाश कर रही है।