सोनौली। भैरहवां से लुंबिनी की यात्रा पर निकले भारतीय पर्यटक का बैग बस में चोरी हो गया। लुंबिनी पहुंचने पर हैदराबाद निवासी नवनीत पिटेल्ली ने इसकी जानकारी नेपाली प्रशासन और टूरिस्ट पुलिस को दी, लेकिन किसी ने उसकी कोई मदद नहीं की। पीड़ित को भारतीय सोनौली पुलिस के पास भेज दिया।
शुक्रवार की दोपहर सोनौली पुलिस चौकी पर पहुंचे नवनीत पिटेल्ली ने नेपाल पुलिस और टूरिस्ट पुलिस पर कोई भी सहायता नहीं करने की शिकायत दर्ज कराई। बताया कि वह नेपाल घूमने आया था। आज भोर में काठमांडू से बस से अकेले ही भैरहवां पहुंचा और वहां से बस से लुंबिनी के लिए चला।
लेकिन बस में कोई उसका बैग चुरा लिया। उसमें बैंक एटीएम कार्ड, पहचान पत्र, बारह हजार रुपये थे। स्थानीय पुलिस से शिकायत करने पर कोई कुछ सुनने को तैयार नहीं हुआ। पीड़ित पैदल ही लुंबिनी से बॉर्डर पहुंचा। सोनौली पुलिस ने इसकी जानकारी नेपाल बेलहिया पुलिस को दी है। नवनीत पिटेल्ली को व्यापारियों से आर्थिक सहयोग दिलवाया।