निचलौल। नवल परासी के मदार बाबा स्थान पर मन्नत मांगने गया युवक वापसी में रविवार को नहर में गिर गया। पुलिस और स्थानीय लोग तलाश में जुटे लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिल पाई।
गोरखपुर के राजघाट थाना क्षेत्र के दिनेश कुमार दोस्तों संग मदार बाबा की मजार पर मन्नत मांगने के लिए गए थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे निचलौल क्षेत्र के झुलनीपुर में मुख्य पश्चिमी गंडक नहर के पुल पर बैठ कर आराम करने लगे। दोस्तों का कहना है कि इसी दौरान चक्कर आने जैसी स्थिति में वह नहर में गिर गए।
लोगों के शोर मचाने पर पहुंचे एसएसबी व पुलिस के जवानों ने लोगों की मदद से नहर में तलाशी शुरू कराई। देर शाम तक दिनेश का कहीं पता नहीं चल सका। इस संबंध में थानाध्यक्ष वीपी सिंह ने बताया जानकारी मिली है। नहर का पानी बंद कराकर तलाश की जा रही है।