परतावल में घटना के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के चंदरपुर स्थित डिग्री कालेज के सामने ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से तीसरी कक्षा के छात्र की मौत हो गई। नेवाजीबारी निवासी अर्जुन का आठ वर्षीय पुत्र संजय शनिवार को दोपहर में स्कूल से छुट्टी के बाद कुछ सामान खरीदने गया था। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे का शिकार बालक नेवाजीबारी स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ता था। शनिवार को सुबह स्कूल गया था। दोपहर में स्कूल से छुट्टी मिलने पर अपना कुछ जरूरी सामान खरीदने के लिए साइकिल से अमवा चौराहे की तरफ गया था। इसी बीच अमवा से सीमेंट लादकर ट्रैक्टर ट्राली नेवाजीबारी के तरफ जा रही थी। चंदरपुर स्थित डिग्री कालेज के सामने साइकिल से संजय सामने से ट्रैक्टर की चपेट में आ गया।
ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ जाने से घटनास्थल पर ही संजय की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की खबर जैसे ही परिवारीजनों को हुई, घर में कोहराम मच गया। संजय के माता-पिता के साथ पूरा परिवार और नेवाजीबारी के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। इस हृदयविदारक घटना से हर काई गमगीन हो गया। एसओ श्यामदेउरवा रमाकर यादव ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रार्थना पत्र मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।