सोनौली सीमा पर आने जाने वालों की जांच करते एसएसबी जवान।
- फोटो : अमर उजाला
सोनौली। नेपाल से भारत में प्रवेश करते चार संदिग्ध लोगों को एसएसबी के जवानों ने रोक कर जांच की तो उनके पास किसी भी देश की आईडी नहीं मिली। काफी देर तक पूछताछ के बाद युवकों को वापस नेपाल सीमा में भेज दिया गया। युवक खुद को भैरहवा निवासी बता रहे थे तथा हैदराबाद जाकर तालीम की बात कर रहे थे।
बृहस्पतिवार की दोपहर भीड़ भाड़ में चार युवक पैदल ही नेपाल सीमा से सोनौली मेन गेट पर पहुंचे। उन्हें सरहद पर जांच कर रहे एसएसबी जवानों ने रोक लिया और सामान की जांच के बाद जब आईडी मांगी तो एक को छोड़ किसी के पास पहचान पत्र नहीं मिला। संदेह होने पर उन्हें नेपाल वापस भेज दिया गया।
एसएसबी के अधिकारियों ने बताया कि भारत से नेपाल और नेपाल से भारत आने जाने के लिए पहचान पत्र जरूरी है। तीनों के पास किसी भी प्रकार का पहचान पत्र नहीं था। इस लिए उन्हें वापस किया गया है। चारों अपने को नेपाल के निवासी बता रहे थे।