कैग की रिपोर्ट ने सरकार के वित्तीय प्रबंधन पर पहले भी सवाल उठाए हैं।
- फोटो : demo pic
महराजगंज में घुघली ब्लॉक के बाद सदर ब्लॉक भी घोटाले के आरोपों में घिरता दिख रहा है। बिना कार्य प्रभारी तैनात किए ही मनरेगा के 34 लाख रुपये भुगतान कराने का मामला आया है। बीडीओ का कहना है कि कार्य का प्रभारी जेई अरुण पति त्रिपाठी को बनाया गया है। वहीं, जेई का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई पत्र नहीं मिला है। इस संबंध में प्रभारी सीडीओ ने सदर बीडीओ से जवाब तलब कर इसकी जांच करने का निर्देश सहायक अभियंता डीआरडीए को दिया है। सूत्रों के मुताबिक शिकायत के बाद काम शुरू किया गया है।
आरोप है कि मनरेगा के तहत बरवा फहीम, नेता सुरहुरवा, कांध, सेखपुर आदि गांवों में काम होना था। इसमें प्रति 8.50 लाख रुपये में सीसी रोड और जल निकासी समेत चार काम होना था। लेकिन इसके लिए बिना प्रक्रिया अपनाए ही भुगतान करा लिया गया है। फर्जी तौर पर साइट पर काम दिखाकर भुगतान कराया गया है। बिना कार्य प्रभारी तैनात किए ही भुगतान कराया गया है। शिकायत के बाद प्रभारी सीडीओ ने सदर बीडीओ को तलब कर पूछताछ की। सदर बीडीओ बसंती देवी का कहना है कि बिना फाइल तैयार किए और कार्य प्रभारी तैनात किए काम होने का सवाल ही नहीं है। कार्य का प्रभारी सदर जेई अरुण पति त्रिपाठी को बनाया गया है।
जांच के बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। इस संबंध में सीडीओ को पूरी जानकारी दे दी गई है। वहीं, जेई अरुण पति त्रिपाठी का कहना है कि उन्हें कार्य प्रभारी बनाए जाने का पत्र नहीं मिला है। लेकिन यह सुनने में आया है कि उन्हें कार्य प्रभारी बनाया गया है। बुधवार को कार्यालय खुलने पर की पूरी जानकारी दे पाऊंगा। डीआरडीए के सहायक अभियंता बीएन राय का कहना है कि मामले की जांच बुधवार को की जाएगी। फाइल देखने के बाद ही कुछ बता पाऊंगा। प्रभारी सीडीओ ऋषिमुनि उपाध्याय का कहना है कि शिकायत पर सदर बीडीओ से पूछताछ की गई है। प्रकरण की अभिलेखीय जांच कराई जाएगी।
किराने की दुकान में चोरी
नौतनवा। नौतनवा कस्बे के अस्पताल तिराहे के पास स्थित अशोक अग्रहरी के किराने की दुकान में सोमवार की रात चोर शटर का ताला तोड़कर घुस गए। गल्ले में रखे 8000 रुपये नकद और हजारों रुपये के सामान चुरा ले गए। दुकान मालिक अशोक ने बताया कि रोज की तरह वह दुकान बंद कर घर चले गए। सुबह दुकान आने पर चोरी की जानकारी हुई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और छानबीन की। दुकान मालिक ने बताया कि उन्होंने चोरी कि तहरीर पुलिस को दे दी है।