रुद्रपुर में भीषण दुर्घटना में हुई आठ मौतों के बाद गांव वालों का गुस्सा चरम पर है। उन्होंने रुद्रपुर गौरीबाजार मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क के किनारे लगें पेड़ को काट कर सड़क पर गिरा दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान रुद्रपुर-गौरीबाजार मार्ग सुबह सात से 12 बजे तक जाम रहा। मौके पर पहुंचे एसडीएम प्रशासन और एडीशनल एसपी के मांगों को सरकार तक पहुंचाने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराए जाने के आश्वासन पर प्रदर्शनकारी माने और करीब पांच घंटे बाद जाम समाप्त किया।
गांव वालों के समर्थन में जुटे विभिन्न दलों के नेताओं ने मृतक परिवारों को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके गुप्ता और अपर पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह को देकर मृतकों के परिवार को 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और घायलों को पांच लाख रूपये मुआवजा देने की मांग की।
ज्ञापन देने वालों में भाजपा के प्रदेश मंत्री जयप्रकाश निषाद, चेयरमैन छठ्ठे लाल निगम, डॉ रतनपाल सिंह, कर्मवीर सिंह सोलंकी, बसपा के चंद्रिका निषाद,संजय सिंह छोटे, अनिल सिंह, रमाशंकर सिंह, जिउत यादव, शिवचंद जायसवाल, हेमंत यादव, मंटू सिंह, रामसिंह, पप्पू सिंह, जयसिंह आदि लोग रहे।