निचलौल में उज्जवला हास्पिटल पर परिजन की मौत के बाद लगी लोगों भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
निचलौल। चमनगंज पुल स्थित उज्ज्वल हास्पिटल में बृहस्पतिवार की शाम करीब चार बजे आपरेशन के बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने हास्पिटल के डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया और शव को कब्जे में लिया।
ठूठीबारी कोतवाली थाना क्षेत्र के बढैपुरवां निवासी शमशेर की 27 वर्षीय पत्नी शाबिया खातून को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने बुधवार की शाम करीब पांच बजे उज्ज्वल हास्पिटल में भर्ती कराया। जहां देर रात आपरेशन से महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया। आपरेशन के उपरांत बृहस्पतिवार की सुबह अचानक महिला की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों ने अस्पताल संचालक को बताया तो वह नार्मल बताता रहा। इधर, महिला की हालत और बिगड़ती चली गई। इस बीच दोपहर तीन बजे अस्पताल संचालक ने महिला को रेफर कर दिया और परिजन तत्काल उसे गोरखपुर ले जाने की तैयारी में जुट गए कि इस बीच महिला की मौत हो गई। इसके बाद बौखलाए परिजनों ने अस्पताल में जमकर बवाल काटा।
परिजनों का आक्रोश देख अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझा कर शांत कराया और उन्हें लेकर थाने आई। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनुज कुमार का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।