विजिलेंस विभाग की एक टीम ने वीरवार को कुलवंता गांव के नायब तहसीलदार कार्यालय में छापामारी कर वहां के नायब तहसीलदार को 5000 रुपये घूस लेते रंगे हाथों पकड़ा। कार्रवाई लेहड़ गांव के कुंज लाल की शिकायत पर टीम ने की। जानकारी के अनुसार लेहड़ गांव के रहने वाले कुंज लाल पुत्र सत्तू का बहन के साथ भूमि विवाद चल रहा था। उधमपुर के जिला विकास आयुक्त ने सत्तू के हक में फैसला सुनाया था, लेकिन उक्त फैसले को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए कुलवंता गांव का नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार कुंज लाल से 5000 रुपये घुस मांग रहा था। कुंज लाल ने शिकायत विजिलेंस विभाग के पास की।
वीरवार को विभाग की एक टीम ने डीएसपी करतार सिंह के नेतृत्व में कुलवंता गांव में जाल बिछाया और नायब तहसीलदार को कुंज लाल से 5000 रुपये घुस लेते रंगे हाथों दबोच लिया। विजिलेंस विभाग ने नायब तहसीलदार के खिलाफ एफआईआर 15,2016 धारा 5(2) आफ जेएंडके पीसीएक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए आरोपी को वह जम्मू ले गए।