जवाहर लाल नेहरू पीजी कॉलेज में वजीफे और अन्य समस्याओं को लेकर कॉलेज गेट पर छात्रों ने कॉलेज प्रशासन का पुतला जलाया और कॉलेज की कुर्सियां तोड़ीं। चौकी इंचार्ज अंजनी राय मय फोर्स पहुंचे और छात्रों को समझा बुझा कर मामले को शांत कराया।
छात्र नेता बलराम दूबे ने कहा कि कॉलेज प्रशासन को एक सप्ताह में समस्याओं को दूर करने के लिए ज्ञापन दिया गया था। कॉलेज प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया। इसी कारण छात्र नेताओं ने शनिवार को प्राचार्य का पुतला जलाया। कॉलेज की कुर्सियों को तोड़ कर अपना विरोध प्रकट किया।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष ज्ञानेंद्र नाथ द्विवेदी ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन की लापरवाही से 200 से अधिक छात्र-छात्राओं का वजीफा फार्म रद्द कर दिया गया है। संशोधन के लिए शासन से आदेश आया था लेकिन कॉलेज प्रशासन ने शासन स्तर पर कोई सूचना नहीं दी।
उसके अलावा महाविद्यालय में विकास के नाम पर सुविधा शुल्क लिया जाता है। उस शुल्क का बंदरबांट कर कॉलेज प्रशासन अपने निजी स्वार्थ में लगा रहा है। कहा कि छात्रों के साथ खिलवाड़ किया गया तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
छात्र नेता आशीष पांडे व महामंत्री वीरू गौड़ ने कहा कि कॉलेज का प्रबंधकीय व्यवस्था पर हाईकोर्ट का स्टे है फिर भी प्रबंधक व प्राचार्य कॉलेज मद का धन निकाल रहे हैं। इस दौरान दीपक गुप्ता, घनश्याम दूबे, नरायन उपाध्याय, आलोक रंजन, राघवेन्द्र कुमार, अवधेश, संदीप कन्नौजिया, अजमत खां, रोहित आदि रहे।