अड्डा बाजार। संपतिहां में बुधवार की तड़के सुबह कमरे में एक विवाहिता का शव फंदे से झूलता मिला। सास के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने शव को फंदे से उतारा और आनन-फानन में अस्पताल की ओर लेकर भागे।
लेकिन कोल्हुई के प्राइवेट चिकित्सक द्वारा मौत की पुष्टि करने पर शव लेकर लौट आए। सूचना पाकर मायके पक्ष के लोगों के सहमति से शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस को सूचना नहीं दी गई।
नौतनवां थाना क्षेत्र के संपतिहां गांव में भोर के पांच बजे एक विवाहिता की मौत की सूचना पर सनसनी फैल गई। विवाहिता के पति और देवर बारात गए थे। सास भैंस को चराने के लिए खेत की तरफ गई थी। इसी समय विवाहिता दरवाजे और बरामदे में झाड़ू लगाने लगी। ससुर शौच चला गया।
सास घर लौटी तो दुधमुंहे बच्चे की रोने की आवाज सुनकर आवाज देती हुई विवाहिता के कमरे में घुसने की कोशिश की। लेकिन अंदर से दरवाजा बंद था। धक्का देकर सिटकिनी तोड़ने पर फाटक खुला। अंदर विवाहिता को साड़ी के सहारे झूलती देखकर सासू के पांव तले जमीन खिसक गई।
सास के शोर मचाने पर पड़ोसियों ने उसे उसे नीचे उतारा। उसके मौत पर विश्वास न करके तत्काल उसे अस्पताल लेकर भागे। कोल्हुई में प्राइवेट चिकित्सक ने उसके मौत की पुष्टि करने पर परिवार वाले लौट आए।
सूचना पाकर पति और देवर तथा नेपाल से विवाहिता की मां और चाची मौके पर पहुंची और सभी के सहमति से शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। थानाध्यक्ष रामायण यादव ने कहा कि फिलहाल उन्हें जानकारी नहीं है। जबकि संपतिहां चौकी पुलिस ने कहा कि किसी ने इस तरह की सूचना नहीं मिली है।