ट्रेन से कट कर महिला की खुदकुशी के मामले की जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
सिसवां। पारिवारिक कलह से क्षुब्ध होकर कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम हरपुर पकड़ी की 30 वर्षीय महिला ने शुक्रवार को लगभग 11 बजे ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम सभा निवासी परोजन देवी कि शादी 12 वर्ष पूर्व नागेंद्र चौधरी से हुई थी। नागेंद्र पंजाब स्थित प्राइवेट फैक्ट्री ने मजदूरी करता है। माली स्थिति ठीक न रहने तथा चार बच्चों के परवरिश में आ रही रुकावटों के कारण दोनों पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था।
बृहस्पतिवार की रात इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ और शुक्रवार की भोर में परोजन देवी ने अपनी तीन वर्ष की बच्ची करीना के साथ बिना कुछ बताए घर से निकल पड़ी और गांव के बगल से होकर गुजरने वाली सिसवा-गोरखपुर रेल मार्ग के किनारे अपनी बच्ची को बैठाकर खुद गोरखपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन के आगे कूद गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
खेत की तरफ काम करने जा रहे लोगों ने बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो उसके पास पहुंचे। देखा कि परोजन देवी का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। धीरे-धीरे यह बात गांव तक पहुंच गई और सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी ने घटना की जानकारी कोठीभार पुलिस को दे दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि पारिवारिक कलह के कारण विवाहिता ने आत्महत्या की है। घटना की कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।