मिठौरा क्षेत्र में बस की टक्कर से महिला की मौत के बाद पीएम हाउस पर मौजूद परिवार के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मिठौरा। भागाटार और सिंदुरिया के बीच मंगलवार को अनुबंधित बस से कुचलकर एक महिला की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय युवक अपनी बड़ी मां को बाइक पर बैठाकर रिश्तेदारी में जा रहा था।
निचलौल थाना क्षेत्र के मिश्रवलिया निवासी रेयाज मंगलवार की सुबह करीब सात बजे अपनी बड़ी मां तजीबुन निशा और उसके बेटे अरमान को बाइक पर बैठाकर महराजगंज के लिए जा रहे थे। सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के भागाटार के पास निचलौल से गोरखपुर की तरफ जा रही गोरखपुर डिपो की अनुबंधित बस की बाइक में टक्कर हो गई। बाइक पर बैठीं तजीवुन बाइक से नीचे गिर गईं और बस के पहिए के नीचे आ गईं। उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं रेयाज घायल हो गया। घटना के बाद बस चालक भागने लगा। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बस व चालक को कब्जे में ले लिया। मामले में पुलिस ने महिला के परिजनों की तहरीर पर चालक अमरनाथ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया और लाश को पीएम के लिए भेज दिया। तजीबुन के पति मुंबई रह कर कमाता है। तजीबुन को दो लड़के और दो लड़कियां हैं। परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है।
दो बाइक की टक्कर में युवक की मौत
ठूठीबारी। नेपाल के नवलपरासी में दो बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। मंगलवार दोपहर नवलपरासी के रामग्राम नगर पालिका 11जमवार में भूमही और परासी सड़कखंड के बीच तेज रफ्तार दो बाइक आमने-सामने भिड़ गईं। इस हादसे में 27 वर्षीय बाइक सवार ओमप्रकाश चौधरी की मौके पर मौत हो गई। दूसरी बाइक पर सवार युवक सोलिक मियां गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से घायल युवक को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।