हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और गांव वालों में हुई कहासुनी।
पनियरा/मुजुरी/गांगी बाजार। दो साथियों के साथ बाइक से क्षेत्र के रामपुर बढ़ई टोला पर पहुंचे एकतरफा प्रेम में अंधे युवक ने चाकू से हमला कर इंटर की छात्रा की हत्या कर दी। बचाने आई युवती की मां पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
इसके बाद भाग रहे युवक को गांव वालों ने पकड़ लिया और धुनाई कर उसे कमरे में बंद कर दिया। घायल महिला मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में जिंदगी और मौत से जूझ रही है। मौके पर पनियरा थाना निरीक्षक श्रीधर पाठक, कोतवाली सदर श्रीकांत राय, फरेंदा थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह, श्यामदेउरवां थाना प्रभारी अनुज सिंह मय फोर्स पहुंच गए। पुलिस ने घंटों मशक्कत के बाद युवक को कमरे से निकाल कर थाने ले गई। एएसपी हरगोविंद ने भी घटना स्थल का जायजा लिया।
गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। पुलिस ने युवती के बाबा रामा विश्वकर्मा की तहरीर पर एक नामजद व दो अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलवार सुबह लगभग 6:30 बजे पीपीगंज थाना के ग्राम मछरियां निवासी 22 वर्षीय ऋषिकेश निषाद ने तीन साथियों के साथ बाइक से पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर के बढ़ई टोला पर पहुंचा। गांव की 46 वर्षीय किरन की 17 वर्षीय पुत्री दुर्गा बर्तन साफ कर रही थी। युवक ने चाकू से दुर्गा का गला रेत दिया। बचाने पहुंची मां पर भी युवक ने चाकू से वार कर दिया। युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गंभीर हालत में युवती की मां को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उधर, हत्या के बाद भाग रहे ऋषिकेश को गांव वालों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। उसके दो अन्य साथी भागने में सफल रहे। पकडे़ गए युवक धुनाई के बाद लोगों ने उसे एक कमरे बंद कर दिया।
मौके पर पहुंची चार थानों की पुलिस आरोपी युवक को कमरे से बाहर निकालने के लिए काफी जद्दोजहद करती रही। लेकिन आक्रोशित लोग आरोपी युवक को गांव वालों के हवाले करने की बात करते रहे। लगभग चार घंटे तक कड़ी मशक्कत के बाद 10:30 बजे पुलिस सुरक्षा घेरा बनाकर कमरे से बाहर निकाल युवक को पनियरा थाने ले जा सकी।