रोती बिलखती मां, बहन व पत्नी।
- फोटो : अमर उजाला
फरेंदा। सड़क हादसे में घायल शख्स की मेडिकल कालेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। बृजमनगंज क्षेत्र के शिवपुर के गुलहरिया निवासी राजमन पटेल सोमवार की सायं 5 बजे के करीब कोमल चौराहे पर बाजार करने गए थे।
बाजार करके वापस घर लौटते समय विजय सलहिया के पास पहुंचे थे कि बृजमनगंज से फरेंदा की तरफ से आ रहे टेंपो ने टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने घायल राजमन पटेल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहां पर भी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कालेज ले जाते समय रास्ते में ही राजमन पटेल की मौत हो गई। उनके पुत्र ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में एसओ अशोक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।