सोनौली। आईजी जोन गोरखपुर ने इंडो-नेपाल का दौरा कर सीमा की स्थिति का जायजा लिया। सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर गतिविधियों की जानकारी ली। बाद में नोमेंस लैंड का निरीक्षण किया।
शनिवार शाम पुलिस महानिरीक्षक हरीराम शर्मा एसएसबी कैंप कार्यालय सोनौली में अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ बैठक कर महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल की। पहले सोनौली दौरे पर आए आईजी ने पत्रकारों से बातचीत भी की। कहा कि सीमा के एसएसबी चेकपोस्ट को देखने आए थे।
ह्यूमन ट्रैफिकिंग पर विशेष ध्यान के निर्देश दिए हैं। सीमावर्ती क्षेत्र में किराए पर रहने वाले संदिग्धों की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमाई क्षेत्र में रह रहे ऐसे लोग जिनके बारे में अधिकृत जानकारी मकान मालिकों के पास नहीं है। उनके बारे में गहराई से छानबीन की जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक भारत सिंह यादव, एसएसबी कमांडेंट केएस बनकोटी, सहायक पुलिस अधीक्षक हरगोविन्द, क्षेत्राधिकारी नौतनवा गोपी नाथ सोनी आदि लोग मौजूद रहे।
सीमाक्षेत्र में हो रही गतिविधियों के संबंध में शिथिलता बरते जाने पर सोनौली कोतवाल से नाराजगी जताई। व्यापारियों ने आईजी से मिलकर कोतवाली पुलिस द्वारा कस्बे की मालवाहक गाड़ियों को अकारण रोककर वसूली किये जाने की शिकायत की। जिस पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज को मामले की स्वत: जांच के आदेश दिए। आईजी गोरखपुर जोन हरिराम शर्मा के आने की खबर पर कोतवाली सोनौली में अपनी-अपनी समस्या लेकर आए पीडितों की कोतवाल ने आनन-फानन में बिना कोई सुनवाई के परिसर से भगा दिया। जिससे लोगों में नाराजगी है।