पत्नी मायके गई तो पेड़ में फंदा लगाकर जान दी
- फोटो : अमर उजाला
ठूठीबारी (महराजगंज)। सोमवार को दोपहर में एक व्यक्ति ठूठीबारी - नौतनवां मार्ग स्थित एक विद्यालय के सामने पेड़ में गमछे से फंदा लगाकर झूल गया। जिससे उसकी मौत हो गई। यह देख राहगीरों एवं ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। किसी ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर शिनाख्त में जुट गई।
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के राजाबारी ठूठीबारी-नौतनवां मार्ग स्थित हीरालाल देवी प्रसाद पूर्व माध्यमिक विद्यालय के सामने एक व्यक्ति सड़क के किनारे एक पेड़ पर चढ़ गया और अपने गमछे का एक सिरा पेड़ की डाल और दूसरा सिरा अपने गले में बांध कर झूल गया। उसी दौरान राहगीरों की नजर उस पर पड़ी और लोगों ने शोर मचाया। जब तक लोग पेड़ के पास पहुंचते तब तक वह व्यक्ति दम तोड़ चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस मौके पर मौजूद लोगों की मदद से शव पेड़ से नीचे उतरवाकर पहचान कराने में लग गई। काफी देर बाद शिनाख्त पड़ोसी मुल्क नेपाल के राजेंद्र निवासी रामग्राम वार्ड नंबर 12 पचगांवा थाना परासी जिला नवलपरासी के रूप में हुआ। बताया जाता है कि मृतक की पत्नी 6 माह पहले रूठकर मायके चली गई।। एक लड़की थी जिसकी शादी कुछ दिन पहले ही हुई है। पत्नी मायके और लड़की की शादी हो जाने से राजेंद्र गुमसुम रहने लगा और मौत को गले लगा लिया। इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाल बृजनंदन सिंह का कहना है कि शव की शिनाख्त कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।