महिला तस्करी का गिरफ्तार गिरोह
- फोटो : अमर उजाला
सोनौली (ब्यूरो)। नेपाल से भारत होते खाड़ी देश भेजी जा रहीं तीन नेपाली लड़कियों को सरहद पर तैनात सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पकड़ कर नेपाल पुलिस को सौंप दिया है। मौका देखते ही दलाल फरार हो गया। मंगलवार की सुबह आठ बजे भारत नेपाल सीमा पर सोनौली के नो मेन्स लैंड के पहले बेलहिया में नेपाली सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तीन युवतियों को संदिग्ध हालात में देख कर उन्हें रोक लिया।
बातचीत में संदेह होने पर उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई तो युवतियों ने बताया कि अपने गांव के साथी के साथ मुंबई जा रही हैं और वहां से विदेश जाने की बात कह साथी हम लोगों को लेकर गोरखपुर जा रहा था। वह सोनौली बस अड्डे पर हम लोगों का इंतजार कर रहा है। सामाजिक कार्यकर्ता तीनों को रोक कर इनके साथी का इंतजार करने लगे। लेकिन दोपहर तक वह साथी नहीं आया।
बेलहिया पुलिस इंस्पेक्टर अभय विक्रम शाह ने बताया कि तीनों युवतियां सोराहा जिले की रहने वाली हैं। दलाल खाड़ी देश में नौकरी का लालच देकर ले जा रहा था। उन्हें सरहद पर सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पकड़ लिया। तीनों युवतियों को उनके घर वालों को बुलाकर उनके घर भेज दिया जाएगा।