धानी बाजार(महराजगंज)। धानी-उसका मार्ग पर चरीगांवा के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने शनिवार की रात करीब आठ बजे तमंचा दिखाकर धानी बाजार निवासी स्वर्ण व्यापारी से तीन लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण और बाइक लूटकर फरार हो गए। सरेराह हुई इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी बाजार के कानापार निवासी विनय वर्मा की आभूषण की दुकान धानी-उसका मार्ग पर सिकरा मंदिर चौराहे पर है। उनके भाई विजय जिनकी जूते-चप्पल की भी दुकान सिकरा चौराहे पर है। प्रतिदिन की भांति विनय और विजय मोटरसाइकिल से धानी बाजार घर पर जा रहे थे। जैसे ही विनय चरीगांवा गांव के आगे बढ़े कि तभी बाइक सवार दो बदमाश उनकी मोटर साइकिल को ओवरटेक कर रोक लिया।
विनय और उनके भाई कुछ कुछ समझ पाते, एक बदमाश ने विनय के सिर पर तमंचे की बट से तीन-चार बार प्रहार कर दिया। विनय नीचे गिर पड़े। विनय के गिरते ही भाई विजय कुमार अपनी जान बचाकर चरीगांवा की तरफ भाग खड़े हुए। बदमाशों ने विनय के बैग में रखे करीब 3 लाख के जेवर और मोटरसाइकिल लेकर धानी की तरफ आसानी से निकल गए। विनय ने किसी तरह परिजनों और धानी पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर बृजमनगज और फरेंदा पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।