फरेंदा/बृजमनगंज। क्षेत्र के बंजरहा सोनबरसा के फुलवरिया में आबकारी विभाग ने नकली शराब की मिनी फैक्ट्री पकड़ी है। यहां से भारी मात्रा में नकली शराब बनाने के उपकरण और तैयार शराब बरामद की गई। पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
बृजमनगंज क्षेत्र के बेचनापुर फुलवरिया निवासी पूर्व प्रधान दीपक अग्रवाल के पुराने मकान में नकली शराब के धंधे की मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर जिला आबकारी अधिकारी बीबी सिंह ने आबकारी इंस्पेक्टर बसंत प्रसाद के नेतृत्व में छापेमारी का निर्देश दिया।
आबकारी विभाग की टीम ने जब पूर्व प्रधान के पुराने मकान का दरवाजा खोला तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। मकान के अंदर शराब बनाने के सामान का जखीरा मिला। टीम को सौ लीटर स्प्रिट, 6 हजार खाली शीशियां, दो हजार ढक्कन, 5 हजार लैला शराब का रैपर, 100 शीशी तैयार नकली शराब और 500 नकली होलोग्राम बरामद हुए।
हालांकि आबकारी टीम के पहुंचने से पहले ही धंधेबाज फरार हो गया था। उसकी तलाश में काफी देर तक पुलिस खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। आबकारी टीम ने बरामद सामग्री को थाने लाई। आबकारी इंस्पेक्टर की तहरीर पर बृजमनगंज पुलिस ने मकान मालिक दीपक अग्रवाल के खिलाफ धोखाधड़ी, कापी राइट एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। स्थानीय लोगों लोगों ने बताया कि यहां नकली शराब का धंधा काफी दिनों से चल रहा था।
यहां बनी शराब पड़ोसी जिलों में सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, गोरखपुर, महराजगंज आदि जिलों में सप्लाई की जा रही थी। नकली शराब का कारोबार काफी दिन पहले से होने के बावजूद न तो स्थानीय पुलिस को पता रहा न ही आबकारी विभाग को। इसको लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा है। आबकारी टीम में दरोगा यादव, गेंदा सिंह, बृजगोपाल, ओमप्रकाश यादव, अरविंद त्रिपाटी, अनिल गौतम, मोहम्मद इस्लाम आदि रहे।