फरेन्दा। पारिवारिक विवाद से परेशान होकर छितही बुजुर्ग के युवक ने छत की कुंडी से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक ने अपनी पत्नी से झगड़ा करने के अपने को कमरे में बंद कर फांसी लगा लिया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम छितही बुजुर्ग निवासी महेंद्र (30) बेरोजगार थे। आर्थिक तंगी के कारण अक्सर परिवार में विवाद होता रहता था। शनिवार दोपहर करीब एक बजे महेंद्र का उसकी पत्नी उषा से विवाद हो गया। उषा कहीं गांव में चली गई। इसके बाद महेंद्र कमरे में गया और रस्सी के सहारे छत की कुंडी से फंदा लाकर जान दे दी।
जानकारी होने पर पत्नी उषा व परिवार के अन्य सदस्य उसे बचाने के लिए दौड़कर जब तक कमरे में आए, महेंद्र की मौत हो चुकी थी। महेंद्र की दो बेटियाें सात वर्षीय सुंदरी और दो वर्षीय प्रिया के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद पत्नी उषा व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है।
उषा उस पल को कोस रही थी जब पति से उसका झगड़ा हो गया था। गांववालों के अनुसार, महेंद्र बेरोजगार था और उसकी दो बेटियां भी थीं। परिवार भी आर्थिक तंगी के दौर से गुजर रहा था। अपनी जिम्मेदारियों को पूरा कर पाने में महेंद्र असमर्थ सा महसूस कर रहा था। इसके कारण उसने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।