निचलौल(ब्यूरो)। थाना क्षेत्र के निचलौल महराजगंज मार्ग स्थित ग्राम जगदौर के निकट शुक्रवार देर रात अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार बीएसएनएल कर्मचारी को कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के थानामुंडी निवासी 50 वर्षीय तुरिया उराव बीएसएनएल टावर में बतौर लाइनमैन तैनात थे। शुक्रवार को निजी कार्य से अपनी बाइक लेकर गोरखपुर गए थे। लौटते समय रात करीब साढ़े नौ बजे ग्राम जगदौर के निकट पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। जिससे मौके पर ही कर्मचारी ने दम तोड़ दिया।
इधर ट्रक लेकर चालक भागने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर ट्रक की तलाश में जुट गयी। देर रात निचलौल के निकट ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया और अपनी कस्टडी में लेकर थाने लाया। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह का कहना है कि शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। एक ट्रक को भी कस्टडी में लेकर जांच पड़ताल की जा रही हैं।