फार्मासिस्ट एसोसिएशन संघ की भूख हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। समस्याओं को लेकर नेशनल फार्मा एसोसिएशन आफ इंडिया के लोगों ने जिला मुख्यालय स्थित धरना स्थल पर मंगलवार को दूसरे दिन भी भूख हड़ताल जारी रखी।
प्रदेश अध्यक्ष डा. पीयूष सिंह पिंटू ने बताया कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं हो जाती हैं, भूख हड़ताल जारी रहेगी। संगठन अब यह संकल्प ले चुकी है कि औषधि प्रशासन की कमीशनखोरी, जालसाजी को रोका जाएगा। आरोप लगाया कि मेडिकल स्टोर के लाइसेंस के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। इस गोरखधंधे को संगठन बंद कराकर दम लेगा। इस भ्रष्टाचार में संलिप्त औषधि प्रशासन एवं प्रोपराइटर की पोल खुल चुकी है।
उन्होंने बताया कि अफसरों को बचाने के लिए जांच अधिकारी ने मात्र लाइसेंस निलंबित किया है। इसकी सूची डीएम को सौंपी जा चुकी है। आरोप लगाया कि औषधि प्रशासन को बचाने के चक्कर में साक्ष्य को छिपाया गया है। उन्होंने बताया कि जब तक दोषियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत नहीं हो जाता है। तब तक भूख हड़ताल एवं आमरण अनशन जारी रहेगा। इस दौरान डा. कृष्णानंद पांडेय, डा. देवेंद्र मिश्रा, डा. मेराज आलम, डा. कृष्ण मोहन प्रजापति, डा. शिवराम उपाध्याय, डा. सलित चौहान, डा. चंद्रशेखर पाल आदि उपस्थित रहे।