गांगी बाजार(महराजगंज)। पनियरा थाना क्षेत्र के नरकटहा के टोला बढे़ली में अलग रहने के लिए जमीन देने से मना करने पर बेटे ने पिता को पीट कर मार डाला। मौके पर ही पिता की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है।
पनियरा थाना क्षेत्र के नरकटहा के बढेली निवासी भरथरी निषाद (45) पत्नी सत्यवती के साथ शनिवार को सब्जी आदि की खरीदारी करने बाजार गए थे। लौटते समय उनका बेटा राकेश निषाद (18) रास्ते में मिल गया।
तीनों एकसाथ घर जा रहे थे। शाम करीब 6 बजे जब गांव के बाहर पहुंचने पर राकेश ने अपने पिता से अलग रहने के लिए कुछ जमीन की मांग की। लेकिन माता-पिता उसको जमीन देने से साफ इंकार कर रहे थे। इसको लेकर विवाद बढ़ गया। इस बीच राकेश आग बबूला हो गया। उसने पिता भरथरी की पिटाई शुरू कर दी। मां सत्यवती के बीच-बचाव के बाद भी वह नहीं माना और भरथरी को पक्की सड़क पर पटक-पटक कर मार डाला।
मृतका की पत्नी का कहना है कि राकेश का गांव की एक लड़की के साथ प्रेम संबंध है। उसको लेकर अलग रहने के लिए वह जमीन की मांग कर रहा था। हम लोगों के मना करने से उसने आपा खो दिया। मेरे बीच-बचाव के बावजूद उसने पिता सड़क पर कई बार पटक दिया। राकेश चार बच्चों में सबसे बड़ा बेटा है। चार बच्चों में दो लड़की और दो लड़के हैं।
घटना की सूचना पर डायल 100 नंबर की पुलिस और स्थानीय पुलिस पहुंच गई। पुलिस शव को पंचनामा बना कर पीएम के लिए भेजने की तैयारी रही थी। इस संबंध में एसओ पनियरा श्रीधर ने बताया कि शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजा जा रहा है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।