मार पीट में घायल भगवती गुप्ता।
- फोटो : अमर उजाला
कोठीभार। थानाक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा गेरमा में शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे जमीन विवाद में पट्टीदारों ने लाठियों से पीटकर बुरी तरह घायल कर दिया। हैरानी की बात यह है कि थाने के सिपाहियों की मौजूदगी में पट्टीदारों ने घटना को अंजाम दिया। स्थानीय लोगों ने घायल को पीएचसी ले जाया गया जहां डाक्टरों ने गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गेरमा गांव निवासी तीन सगे भाइयों भगवती गुप्ता, गोबरी व गया गुप्ता के बीच सिंदुरिया मार्ग के नहर पर स्थित पैतृक जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा है। भगवती की केवल बेटियां हैं। इसके दोनों भाई जमीन अपने बच्चों के नाम करने के लिए उस पर दबाव बनाते रहते हैं लेकिन, इसके लिए वह तैयार नहीं था। शनिवार को गोबरी व गया ने जमीन पर निर्माण कराना प्रारंभ कर दिया। इसकी जानकारी भगवती ने कोठीभार पुलिस को दे दी।
वहां से दो सिपाही काम रोकने के लिए मौके पर पहुंचे। पट्टीदार सिपाहियों को देख भड़क गए और पुलिस की मौजूदगी में ही भगवती को लाठी-डंडे से पीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। घायल भगवती को लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक होने पर डाक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष आनंद कुमार गुप्ता का कहना है कि घटना की सूचना है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।