महराजगंज। नगर से सटे बैकुंठपुर मुजहना चौराहे पर पुरानी रंजिश में फर्नीचर के शो रूम पर कुछ लोगों ने शुक्रवार सुबह हमला कर दिया। शोरूम के संचालक पूर्व सैनिक समेत तीन लोगों को बुरी तरह मारा पीटा।
पूर्व सैनिक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। जबकि दो अन्य का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है। इस घटना से पूर्व सैनिक के परिजन दहशत में हैं।
बैकुंठपुर मुजहना चौराहे पर पूर्व सैनिक गौरीशंकर गुप्ता का फर्नीचर का शो-रूम है। शुक्रवार को सुबह करीब 8 बजे पुरानी रंजिश को लेकर दर्जनभर की संख्या में युवक पूर्व सैनिक से उलझ गए। पहले तो बातचीत से मामला शुरू हुआ फिर अचानक मारपीट शुरू कर दी। इसमें पूर्व सैनिक गौरीशंकर गुप्ता, राजू गुप्ता एवं रमावती देवी निवासी बैकुंठपुर मुजहना चौराहा घायल हो गए।
गंभीर रूप से घायल गौरीशंकर गुप्ता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। मारपीट की यह घटना सीसी कैमरे में कैद है। जांच में पहुंची पुलिस ने सीसी कैमरे का फुटेज खंगाला। शो-रूम पर लगे सीसी कैमरे में शुक्रवार की सुबह 8 बजे हुई पूरी घटना कैद है।
इस मामले में सदर कोतवाली तहरीर दी गई है। पुलिस ने भूपति, दिनेश, छोटेलाल, रामदेव, विनय, गब्बर, उमेश, भोला, रामकेवल और दिनेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इनमें से तीन गिरफ्तार कर हैं। सदर कोतवाल श्रीकांत राय ने बताया कि 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उनकी भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।