महराजगंज/फरेंदा। जिलेभर में कस्बे और आबादी के बीच शराब की दुकानों का विरोध हा रहा है। शनिवार को इंदिरा नगर मुहल्ले में शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर प्ले स्कूल के प्रिंसिपल के साथ तमाम लोगों ने डीएम को ज्ञापन दिया। सब ने एक स्वर में स्कूल के करीब से शराब की दुकान को हटवाने की मांग की। फरेंदा में भी शराब की दुकान कस्बे के बाहर ले जाने की मांग को लेकर लोग सड़क पर उतर गए।
नवल किशोर और पंकज ने बताया कि नगर के बांसपार रोड पर फन वेली प्ले स्कूल स्थित है। जहां पर छोटे-छोटे बच्चे शिक्षा ग्रहण करते है। वर्तमान समय में विद्यालय के सटे शराब की दुकान स्थापित कर दी गई है। जिससे विद्यालय एवं आस-पास का माहौल खराब हो रहा है। अशोक और छोटेलाल ने कोर्ट का हवाला देकर कहा कि विद्यालय या मंदिर के 250 मीटर की परिधि में शराब की दुकान नहीं खुल सकती है। लेकिन यहां पर स्कूल के सटे ही शराब की दुकान खोल दी गई है। इससे बच्चों को दिक्कत हो रही है। इस मौके पर मो. जफर, रामानुज, विधि नरायन पटेल, नितेश त्रिपाठी, रामउग्रह यादव, दीपक के अलावा तमाम लोग मौजूद रहे।
उधर, न्यायालय के आदेश के बाद भी फरेंदा कस्बे में शराब की दुकानें खुल रही हैं। इसकी शिकायत एसडीएम से करने के बाद शनिवार को कस्बे के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर कर विरोध प्रदर्शन करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाया तब जाकर लोग माने। फरेंदा कस्बे के वार्ड नंबर एक अंबेडकर नगर में मॉडल शाप अंग्रेजी शराब की दुुकान खोलने के प्रयास को लेकर स्थानीय लोगो में नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद गुप्ता, सभासद चंद्रसेन सिंह, सुशीला देवी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
लोगों का कहना है कि कस्बे के बीच में अंग्रेजी शराब की दुकान खुलने से अगल-बगल का माहौल खराब होगा। महिलाएं व बच्चों पर गलत असर पड़ेगा। दुकान के बगल में ही चर्च व कई शिक्षण संस्थाएं हैं। इससे छात्रों के भविष्य पर बुरा प्रभाव पड़ेेगा। इस दौरान प्रदीप पांडेय, सोनू पांडेय, मोनू पांडेय, बलराज प्रसाद, अजय कुमार, प्रभात चंद, दीपनरायन, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।