फरेंदा। कच्ची शराब के खिलाफ अभियान के तहत शनिवार को इंदरजोत में छापेमारी में भारी मात्रा में शराब बनाने वाले उपकरण नष्ट कर शराब की भट्ठियां तोड़ी गईं। आबकारी विभाग ने आधा दर्जन धंधेबाजों के खिलाफ कार्रवाई की। आबकारी इंस्पेक्टर फरेंदा रवि विद्यार्थी व नौतनवां इंस्पेक्टर संदीप नाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में कोल्हुई थाना क्षेत्र के इंदरजोत में छापेमारी की कार्रवाई की गई। इस दौरान गांव में बड़ी संख्या में कच्ची शराब की भट्ठियां धधकती पाई गईं। आबकारी टीम ने 250 लीटर कच्ची शराब व एक हजार क्विंटल लहन बरामद कर कच्ची शराब की एक दर्जन भट्ठियां तोड़ दीं। आबकारी इंस्पेक्टर ने बताया कि गांव में भारी मात्रा में शराब बरामद करते हुए ज्योति, हरिश्चंद, जितेंद्र, मटेलू, कलावती, टुन्नू के खिलाफ आबकारी एक्ट में कार्रवाई की गई। टीम में बृजगोपाल यादव, अरविंद त्रिपाठी, ओमप्रकाश यादव, दरोगा यादव, अनिल गौतम आदि लोग रहे।
ग्रामीणों ने कच्ची शराब सहित कारोबारी को पुलिस को सौंपा
परतावल। शनिवार को श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के परसौना और बड़हरा के सिवान में झोपड़ी डाल कर कच्ची शराब बना कर बेच रहे शराब कारोबारी को ग्राम प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कच्ची शराब के साथ पकड़ कर सौ नंबर पुलिस को सुपुर्द कर दिया और एक कुंतल लहन भी नष्ट कर दी।
श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बड़हरा टोला बरौनी निवासी एक शख्स परसौना टोला मठीया सिवान में झोपड़ी डाल कर कच्ची शराब बना कर बेचता है। शनिवार को वह शख्स कच्ची शराब बना रहा था कि परसौना के ग्राम प्रधान पति बेचन निषाद के नेतृत्व में ग्रामीण बेलास, जितेन्द्र, पप्पू, हरिकेश, धर्मेंद्र सहित दर्जनों ग्रामीणों ने कच्ची शराब बना रहे शख्स को दौड़ाकर पकड़ लिया। उसका का एक साथी भागने में सफल हो गया। पांच-पाच लीटर के चार गैलन कच्ची शराब बरामद हुई। इसकी सूचना सौ नंबर पुलिस को दी। पुलिस आरोपी अशोक को लेकर श्यामदेउरवा थाने आई। इस संबंध में श्यामदेउरवा थाने के एसआई राजेश मिश्रा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।