ट्रक की चपेट में आने से मजदूर की मौत
चिउटहां। कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत चिउटहा चौराहे से सिंदुरिया की तरफ जा रहे ट्रक की चपेट में आने से मजदूर की मौके पर मौत हो गई। बुधवार की दोपहर लगभग एक बजे खाली गैस सिलेंडर लदा एक ट्रक सिंदुरिया की तरफ तेज गति से जा रहा था। चौराहे से 25 मीटर दूर ब्रेकर के पास गौनंरिया निवासी 32 वर्षीय सुग्रीव प्रसाद पुत्र मोहित जा रहे थे और अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद ड्राइवर ट्रक को लेकर भागने लगा। उसे सिंदुरिया चौराहे पर पहुंचते ही सिंदुरिया पुलिस ने पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही चिउटहा चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में चिउटहा चौकी इंचार्ज आरएस चौहान ने बताया कि सिंदुरिया की तरफ जा रहे ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।