चार युवकों की गिरफ्तारी के बाद सदर कोतवाली में एसपी ने चोरी की घटना का पर्दाफाश किया।
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। 5 अप्रैल को इंदिरा नगर मुहल्ले में चोरी की घटना को अंजाम देकर शहरवासियों को दहशत में ला देने वाले चोरों को गिरफ्तार कर कोतवाली पुलिस ने घटना के पर्दाफाश का दावा किया है। गुरुवार को चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उनसे ढाई लाख रुपये के जेवर, 26 हजार 300 रुपये नकद, दो एटीएम कार्ड, दो तमंचा और दो चाकू आदि पुलिस ने बरामद किया है।
घटना के पर्दाफाश के लिए जगह-जगह छापे में मिले क्लू के आधार पर कोतवाली के तरकुलवां तिराहे पर चार अभियुक्तों को बीती रात पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर पूछताछ की तो मामला खुलता चला गया। चोरी की घटना का खुलासा करने वाली टीम बीती रात तरकुलवां तिराहे पर पहुंची। मिले सूचना के मुताबिक चार शख्स चोरी की योजना बना रहे थे। इस बीच पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पकडे़ गए अभियुक्तों ने इंदिरा नगर में हुई चोरी की घटना के बारे में जानकारी दी। सतीश कुमार उर्फ संदीप पुत्र विभूति प्रसाद निवासी खडे़सर थाना घुघली, पुल्लु यादव पुत्र परमेश्वर यादव निवासी चिउरहां वार्ड नंबर 13 थाना कोतवाली और रंजीत चौहान पुत्र विशुन चौहान निवासी नेहरू नगर थाना कोतवाली और गौतम उर्फ संदीप पुत्र राजकुमार निवासी परसा गिदही थाना घुघली को गिरफ्तार किया गया है।
मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया। टीम में कोतवाल श्रीकान्त राय, एसएसआई जितंेद्र सिंह, एसआई कन्हैया पांडेय, परमेश मिश्र, शेषनाथ गोड़, अजय यादव शामिल रहे। गुरुवार को कोतवाली कैंपस में एसपी प्रमोद कुमार ने कहा कि कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा नगर मुहल्ले में चोरी की घटना में शामिल अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।