बाइक अनियंत्रित होने से गिरा युवक, मौत
कस्बे के पेट्रोल पंप पर तेल भराने के लिए बाइक से जा रहा था
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। कस्बे में शुक्रवार को दिन में बाइक अनियंत्रित हो जाने से उस पर सवार युवक गिर गया। इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए सीएचसी बनकटी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक हेलमेट नहीं पहने था।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर अदरौना निवासी गोविंद (17) शुुक्रवार को दिन में एक साथी के साथ बाइक से फरेंदा सामान लेने गए थे। साथी को विष्णु मंदिर चौराहे पर उतार कर पेट्रोल भराने के लिए कस्बे के नौतनवां रोड स्थित पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। वह पूर्व विधायक के आवास के सामने पहुंचे थे कि बाइक अनियंत्रित हो जाने के कारण वह गिर गए। इससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने सूचना एंबुलेंस को दी लेकिन समय से एंबुलेंस न पहुंचने के कारण लोग टेंपो से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गये। जहां चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे पिता रामप्यारे व मां संतोषी के अलावा भाई दुर्गेश व लक्ष्मन शव देखते ही दहाड़ें मारकर रोने लगे। युवक कक्षा दस का छात्र था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में एसओ सत्येंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सूचना पर तत्काल 100 नंबर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।