ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर लगाया जाम
गांव वाले हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे जबकि पुलिस दुर्घटना मान रही थी
भीड़ हटाने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया
अमर उजाला ब्यूरो
अमर उजाला ब्यूरो
परतावल। पंचदेउरी गांव निवासी एक युवक की मंगलवार की रात संदिग्ध हाल में मौत हो गई। युवक का शव श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के मुरारी चौराहे से पांच सौ मीटर आगे नहर पुलिया के पास मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पोस्टमार्टम के बाद नाराज ग्रामीणों ने पुलिस से इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए शाम करीब 6.15 बजे शव परतवाल चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया जबकि पुलिस इसे दुर्घटना मान रही थी। प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर एसडीएम सदर व सीओ सदर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। ग्रामीणों को उग्र होते देख पुलिस ने भीड़ हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया। काफी देर बाद अधिकारियों ने जब हत्या का मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया तब जाकर रात करीब 8.22 बजे जाम समाप्त हुआ।
क्षेत्र के पंचदेउरी गांव निवासी रामसकल (35) मुरारी चौराहे पर मेडिकल स्टोर चलाते थे। मंगलवार की रात दुकान बंद करके स्कूटी से घर के लिए निकले। वह हेलमेट नहीं पहने थे। मुरारी चौराहे से आगे नहर पुलिया के पास वह मरणासन्न हालत में मिले। स्कूटी उनके ऊपर गिरी हुई थी। राहगीरों ने इसकी जानकारी दी तो घरवाले मौके पर पहुंचकर उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए शव परतावल चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारी हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे लेकिन पुलिस इसे दुर्घटना मान रही थी। मृतक के पिता चतुरी ने आरोप लगाया कि पुलिस जान बुझाकर इस मामले को दबाने में जुट गई। काफी देर तक प्रदर्शन के बाद पुलिस जब परेशान हो गई तो हल्का बल प्रयोग कर लोगों को हटाने का प्रयास किया गया। इसके बावजूद ग्रामीण नहीं माने। बाद में मृतक की पत्नी बिंदू देवी ने सीओ को तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने जब तहरीर ले लिया तो लोगों का गुस्सा थोड़ा कम हुआ। हालांकि इसके बाद भी वह वहीं डटे रहे। पुलिस उन्हें समझाती रही। परेशान होकर पुलिस ने चौराहे की लाइट को रात करीब 7.30 बजे बंद करा दिया और मृतक के माता-पिता को थाने लेकर चले गए। इसके बाद श्यामदेउरवा विधायक ज्ञानेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास करने लगे। ग्रामीण उनसे भी हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग करते रहे। इस बीच पुलिसकर्मियों से प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक भी हुई। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया।
सीओ सदर देवेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर हत्या कर केस दर्ज किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है। लोगों को समझा बुझाकर शांत करा दिया गया है। एसडीएम सदर सत्यम मिश्रा ने बताया कि समझाने पर काफी देर बाद लोग माने। कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
इंस्पेक्टर श्यामदेउरवा निर्भय कुमार सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल सकेगा। इस मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।