महराजगंज। डीएम कार्यालय में तैनात लिपिक को युवती से रेप के आरोप में दिल्ली पुलिस शनिवार को गिरफ्तार कर साथ ले गई। सादे ड्रेस में कलेक्ट्रेट पहुंची दिल्ली पुलिस ने पहले आरोपी लिपिक के बारे में पूरी जानकारी ली। जब वे पूरी तरह से आश्वस्त हो गए, उसके बाद आरोपी लिपिक को गिरफ्त में लिया। दिल्ली पुलिस की इस कार्रवाई से कलेक्ट्रेट कर्मियों में हड़कंप मच गया। इस कार्रवाई के दौरान कलेक्ट्रेट कर्मी कार्यालय से निकल कर इधर-उधर चले गए और आपस में इस मामले को लेकर तरह - तरह की चर्चा करते रहे। उधर, बाद में पुलिस औपचारिकताएं पूरी कर लिपिक को साथ दिल्ली ले गई।
कोतवाल सदर रामदवन मौर्य ने बताया कि यह मामला वर्ष 2013 का है। डीएम कार्यालय में तैनात लिपिक वेद प्रकाश मिश्र के खिलाफ दिल्ली की रहने वाली एक युवती ने रेप का केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया गया कि अक्टूबर 2012 में दिल्ली की रहने वाली एक युवती पारिवारिक मामले को लेकर लखनऊ हाईकोर्ट आई हुई थी। यहीं पर कलेक्ट्रेट के आरोपी लिपिक से उसकी मुलाकात हुई। मुलाकात के दौरान लिपिक ने युवती से उसका मोबाइल नंबर लिया। इसके बाद युवती दिल्ली चली गई। आरोप है कि लिपिक ने युवती को फोन कर उसकी समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद 2013 के शुरूआत में आरोपी ने युवती को मिलने के लिए लखनऊ के एक होटल में बुलाया। जहां उसके साथ रेप किया। यह आरोप भी है कि लिपिक ने पीड़िता को यह धमकी दी कि किसी को जानकारी देने पर आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा। भयवश युवती काफी समय तक खामोश रही लेकिन लिपिक ने हरकतें जारी रखी। जब अति हो गई तब पीड़िता ने दिल्ली के भजनपुरा थाने में आरोपी लिपिक के खिलाफ 21 सितंबर 2017 को रेप का केस दर्ज कराया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। इसके बाद आरोपी लिपिक को गिरफ्तार करने के लिए दिल्ली पुलिस के भजनपुरा थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर ओमपाल सिंह और सिपाही सचिन शनिवार को महराजगंज डीएम कार्यालय पहुंचे। यहां आरोपी लिपिक को गिरफ्तार कर दिल्ली पुलिस कोतवाली ले गई। जहां जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस आरोपी को दिल्ली अपने साथ लेकर चली गई।