बदमाशों ने युवक को चाकू मारा
नौतनवां। गांव पुरैनिहा टोला लोहसी में बुधवार देर रात लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू मारकर एक युवक को घायल कर दिया। युवक के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव पुरैनिहा टोला लोहसी निवासी योगेंद्र के घर बुधवार रात कुछ बदमाश घुस आए थे। इस दौरान योगेंद्र का बेटा फूलचंद शौच के लिए उठा। बदमाशों को देख उसने शोर मचाया। विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद नगदी और अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घायल युवक को नौतनवां के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थानेदार बिहागड़ सिंह यादव ने बताया कि तहरीर मिली है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच-पड़ताल की जा रही है।