सोलह लाख नेपाली मुद्रा के साथ दो हिरासत में
अमर उजाला ब्यूरो
बरगदवां। एसएसबी बरगदवा बीओपी के जवानों ने रविवार को देर रात बाइक की डिकी में रखकर नेपाल ले जा रहे सोलह लाख नेपाली मुद्रा के साथ दो युवकों को जांच के दौरान पकड़ लिया। युवकों को एसएसबी ने बरगदवा पुलिस को कार्रवाई के लिए सौंप दिया।
लोकसभा चुनाव में रविवार को शाम को मतदान समाप्त होने के बाद जैसे ही भारत-नेपाल सीमा से आवागमन शुरू हुआ, काफी संख्या में भारत से नेपाल आने जाने वाले लोगों की लंबी कतार लग गई। जांच के दौरान बरगदवां एसएसबी के बीओपी के चेकपोस्ट पर दो युवक बिना नंबर प्लेट की गाड़ी लेकर नेपाल सीमा की तरफ जा रहे थे। तभी वाहनों की जांच कर रहे एसएसबी जवान ने बाइक रोककर डिकी की तलाशी ली। इस दौरान डिकी में एक हजार की ग्यारह सौ और तथा पांच सौ की एक हजार नेपाली मुद्रा बरामद हुई। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम आकाश जायसवाल निवासी कोतवाली ठूठीबारी व दीपक बनिया निवासी ग्रामसभा देवगांव जनपद नवलपरासी नेपाल बताया। इस संबंध में एसएसबी बरगदवा के उपनिरीक्षक किशोर कुमार ने बताया कि बरामद नेपाली मुद्रा व आरोपियों को बरगदवां पुलिस को कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।