सांड़ से टकराकर बाइक सवार की मौत
परतावल में छुट्टा पशुओं का आतंक से परेशान हैं राहगीर
अमर उजाला ब्यूरो
परतावल। रविवार रात करीब 10 बजे कप्तानगंज से परतावल की तरफ जा रहा बाइक सवार छुट्टा पशु से टकरा गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी परतावल पहुंचाया। युवक की नाजुक हालत देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।
श्यामदेउरवां क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरिया टोला नगरौली निवासी 32 वर्षीय पीयूष मिश्रा बाइक से कप्तानगंज गए थे। वहां से घर लौट रहे थे। वह परतावल के कुर्मी टोला के पास पहुंचे थे। अचानक एक सांड़ उनके सामने आ गया और उससे टकरा गए। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगो की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेहोशी की हालत में उसे सीएससी परतावल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर के लिए रेफर दिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। थानेदार निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।