महराजगंज। जिले में दो स्थानों पर वन विभाग की टीम ने 21 वोटा साखू बरामद किया है। दक्षिणी खैक रेंज के झनझनपुर-सिन्दुरियां रोड पर कसमरियां गांव के करीब पिकअप पर लदा 9 बोटा साखू बरामद हुआ। वन विभाग की टीम को देख गाड़ी छोड़ चालक समेत अन्य लोग फरार हो गए। साखू लदे पिकअप को रेंज परिसर लाकर सीज कर दिया गया। टीम में वन क्षेत्राधिकारी दक्षिणी चौक ओपी मिश्रा, वन दारोगा जीपी कुशवाहा, वन रक्षक अमजद खा, सोमई शामिल रहे।
लक्ष्मीपुर प्रतिनिधि के अनुुसार रेंज शनिवार को भोर में गस्त के दौरान वन विभाग टीम ने ट्राली पर लदा 12 बोटा साखू की लकड़ी ट्रैक्टर ट्राली समेत बेलवा गांव के पास पकड़ा। हालांकि चालक भागने में सफल रहा। वाहन समेत लकड़ी रेंज कार्यालय लाई गई और मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया।
शनिवार की भोर में गश्त के दौरान वन क्षेत्राधिकारी सरजू प्रसाद गुलरिहां की तरफ से लक्ष्मीपुर वन रेंज जा रहे थे। उसी दौरान बेलवा की तरफ से एक ट्राली ट्रैक्टर पर 12 बोटा साखू लेकर नौतनवा के तरफ जा रहा था। उसी समय वनक्षेत्राधिकारी की नजर ट्रैक्टर ट्राली पर पड़ी। वाहन को रोकने का इशारा करने पर चालक वाहन लेकर भागने लगा और मौका देख ट्रैक्टर-ट्राली को छोड़कर फरार हो गया। ट्राली में 12 बोटा साखू की लकड़ी मिली। टीम ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे ले लिया और कृपाशंकर निवासी बेलवा बुजुर्ग के खिलाफ वन व वन्य जीव अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। वनक्षेत्राधिकारी सरजू प्रसाद ने बताया कि वन माफिया पर विशेष नजर रखी जा रही है। यह अभियान जारी रहेगा।