खाकी का खौफ दिखाकर दुष्कर्म का प्रयास
फोटो:-
पुलिस लाइंस के सामने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। खाकी का खौफ दिखाकर दुष्कर्म के प्रयास के मामले पर गुस्साए लोगों ने पुलिस लाइंस के सामने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। रात आठ बजे से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन रात 9:30 बजे समाप्त हुआ। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। सड़क जाम के दौरान निचलौल-महराजगंज मार्ग पर वाहनों की कतार लग कई। पुलिस इस प्रकरण को सिपाही के घरेलू कलह के मामले से जोड़कर देख रही है। दुष्कर्म के प्रयास की बात को पुलिस खारिज कर रही है, लेकिन गांव के लोग दुष्कर्म के प्रयास की बात पर अड़े रहे।
मामला यह है कि एक सिपाही गैरजनपद से प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरित होकर आया है। यहां उसकी आदतों से आसपास के लोग परेशान हैं। सोमवार को एक गांव में महिला को घर में अकेला पाकर उसने दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला ने शोर मचाया तो वह फरार हो गया। महिला का पति बस चालक है। शाम सात बजे वह घर आया तो महिला ने पूरी कहानी बयां की। इसके बाद गांव के तमाम लोग एकत्र हो गए। सभी लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस लाइंस के सामने पहुंचे और महराजगंज-निचलौल मार्ग को जाम कर दिया। इसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पहुंची। पुलिस लाइंस के आरआई कोतवाली पुलिस के साथ लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब डेढ़ घंटे बाद कार्रवाई के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त हुआ। लोगों ने बताया कि आरोपी सिपाही नशे में धूत होकर दो दिन पहले भी हंगामा कर चुका है। बताया जाता है कि सिपाही और उसकी पत्नी के बीच संबंध ठीक नहीं है। सोमवार को सिपाही की पत्नी ने एएसपी से मिलकर पति के खिलाफ शिकायत की। वहीं शाम को यह घटना हो गई। एसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि मामला घरेलू विवाद से जुड़ा है। दुष्कर्म के आरोप की बात बेबुनियाद है।