मार्ग दुर्घटनाओं में छह यात्री घायल, दो गंभीर
फोटो
भैया फरेंदा के पास अज्ञात वाहन सवारी से भरी टेंपो में मारी टक्कर
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। गोरखपुर-सोनौली हाईवें पर सोमवार को दिन में करीब दो बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से सवारियों से भरी टेंपो पलट गई। उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी बनकटी भेजा गया। एक किशोरी की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एक अन्य दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया।
फरेंदा थाना क्षेत्र के परसिया बुजुर्ग निवासी रेशमा खातून 15, आशिया 45, राबिया 35 व भगवतनगर परसिया के कटया निवासी राहुल 20 व रामू घाट पीपीगंज निवासी किरन 20 टेंपो पर सवार होकर रानीपुर से फरेंदा जा रहे थे। भैया फरेंदा के करीब अज्ञात वाहन ने टेंपो में टक्कर मार दी। इससे टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। सीएचसी बनकटी से रेशमा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी घटना फरेंदा कस्बे के एचडीएफसी बैंक के सामने सड़क पार कर रहे सिद्धार्थनगर के जगदीशपुर राजा निवासी 42 वर्षीय रामकिशोर को बाइक सवार ने टक्कर मार दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें सीएचसी बनकटी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।