जालसाजों ने महिला के खाते से उड़ाए 52 हजार
मरवटिया गांव की पीडित ने शिकायत दर्ज कराई
एटीएम कार्ड, आधार और ओटीपी नंबर पूछा था
अमर उजाला ब्यूरो
बस्ती। जालसाजों ने एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और ओटीपी नंबर पूछकर खाते से 52 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित को जानकारी मोबाइल पर आए मैसेज से हुई है। इसके बाद उसने शिकायत पुरानी बस्ती थाने पर की है।
पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मरवटिया में रहने वाली 35 वर्षीय शान्ति देवी के मोबाइल नंबर पर सोमवार सुबह करीब सवा 10 बजे अनजान व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने बैंक का मैनेजर बताकर खाता अपडेट के लिए शांति से आधार कार्ड व एटीएम कार्ड का नंबर पूछ लिया। साथ ही बताया कि अभी आपके मोबाइल नंबर पर छह अंकों के नम्बर का एक मैसेज जाएगा। उस नंबर वाले मैसेज को हमें बता दें। मैसेज आने के बाद शांति देवी ने छह अंकों वाले नंबर को बता दिया। कुछ समय बाद महिला के मोबाइल पर एक और मैसेज आया कि आपके खाते से 52 हजार रुपये निकाल लिए गए। घबराई हुई शांति ने घर के लोगों को यह जानकारी दी। लोग पंजाब नेशनल बैंक शाखा साऊंघाट पहुंचे। जहां से खाते से 52 हजार रुपये निकाले जाने की जानकारी की पुष्टि हो गई। इसके बाद एटीएम कोड लॉक करा दिया। जालसाजी की शिकार हुई शांति देवी ने पुरानी बस्ती थाने में आपबीती बताकर शिकायती पत्र दिया। तथा रकम वापस कराने की मांग की। पीड़ित महिला का पति हरियाणा में रहकर कमाता है। घर पर तीन बच्चे और पत्नी शांति रहती है। घर के खर्च के लिए भेेजी रकम से बचत कर बैंक में जमा करती रहती थी। महिला के खाते में कुल 87 हजार रुपये जमा थे। जालसाज 52 हजार रुपये ही निकाले हैं। ठगी की शिकार महिला व बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल है। पीड़ित महिला ने कहा कि सूखी रोटी खाकर पेट काटकर बच्चों के भविष्य के लिए ये रुपये बचाकर बैंक में जमा करती थी। जो आज मुझे धोखेबाजों ने मोबाइल पर फोन करके हमें लूट लिया। थानाध्यक्ष सर्वेश राय ने बताया कि महिला की शिकायत पर जांच कराई जा रही हैं। जांचोपरान्त मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।