गांगी बाजार। पनियरा थाना क्षेत्र के नरकटहां गांव में जर्दी बांध टूटने से बने गहरे गड्ढ़े में डूबने से मासूम की मौत हो गई। वह अपने पिता को ढूूंढते हुए गड्ढ़े तक पहुंचा था। पिता नहीं मिले तो नहाने लगा। बताया गया कि उसके पिता वहां मछली निकालने गए थे।
मंगलवार को ग्राम नरकटहा के रमाशंकर निषाद को ढूंढने उनका छह वर्षीय पुत्र करन अपने बड़े भाई विशाल निषाद के साथ घर से निकला। दोनों जब गांव के पास नरकटहा पीपीगंज मार्ग के किनारे बने गहरे गड्ढे के पास पहुंचे तो वहां तमाम लड़के नहा रहे थे। दोनों भाई भी गड्ढ़े में नहाने लगा। गड्ढे के किनारे नहाते समय वह बीच में चला और डूबने लगा। यह देख उसका बड़ा भाई विशाल चिल्लाने लगा तो वहां से गुजर रहे मुछुआरे मदद के लिए गड्ढ़े में कूद गए। तब तक काफी देर हो चुकी थी। करन निषाद को मृत हालत में गड्ढ़े से बाहर निकाला गया। घटना के बाद रमाशंकर रोता बिलखता वहां पहुंचा। साथ में पत्नी शारदा भी पहुंचीं। पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। बड़ा भाई विशाल(14), बहन खुशबू (10), अभय (08) और 4 वर्षीय सुंदरी रोते बिलखते रहे।