शादी का कार्ड देने आए युवक को बांधकर पीटा
परतावल। श्यामदेउरवां क्षेत्र के ग्रामसभा बैरियां में बहन के घर शादी का निमंत्रण देने आए युवक की गांव के कुछ लोगों ने पिटाई कर दी। वह घायल हो गया। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी गई।
ग्राम सेहुलिया थाना अहिरौली निवासी 35 वर्षीय धीरेंद्र मंगलवार दोपहर को शादी का निमंत्रण देने श्यामदेउरवां क्षेत्र के ग्रामसभा बैरियां में बहन के घर पहुंचा। लौटते वक्त रास्ते में कुछ लोगों से नोकझोंक हो गई। थोड़ी ही देर में दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि धीरेंद्र की पेड़ में बांधकर पिटाई की गई। गांव के लोगों के हस्तक्षेप पर उसे छोड़ा गया। मारपीट में घायल के जीजा राकेश को भी चोट लगी है। दोनों को इलाज के लिए सीएचसी परतावल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को घर भेज दिया। इंस्पेक्टर निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच-पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।