बाइक सवार पुलिया से टकराए, एक की मौत
घर लौटते समय सिसवनिया बुजुर्ग के पास हुआ हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। सिसवनिया बुजुर्ग के पास एक बाइक पर सवार दो लोग पुलिया से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं पहने था।
फरेंदा क्षेत्र के परसाबेनी के बाजार टोला निवासी 45 वर्षीय नूर मोहम्मद और 35 वर्षीय उमेश एक बाइक से पुरंदरपुर के समरधीरा चौराहे पर किसी काम से गए थे। करीब नौ बजे के आसपास चौराहे से बाइक से लौट रहे थे। सिसवनिया गांव के पास बाइक सवार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने यूपी-100 पुलिस को दी। पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों घायलों को सीएचसी बनकटी भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेजन में नूर मोहम्मद को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इस संबंध में थानेदार ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।