महराजगंज। शहर में दिन भर रूक-रूककर बिजली कटती रही। इससे लोगों को काफी परेशानी हुई। शहर में सभी मोहल्लों में यही हाल रहा। ठंड बढ़ने के कारण बिजली खपत अधिक हो रही है। इससे ट्रीप की समस्या बढ़ गई है। रविवार को शहर में दिन भर में करीब 15 से अधिक बार बिजली गुल हुई। वहीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटे छात्रों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हमीद नगर के राजीव गुप्ता ने बताया कि कड़ाके की सर्दी में भी बिजली लोगों को रूला रही है। ठंड में भी बिजली कटौती क्यों हो रही है यह समझ से परे है। बिजली कटौती से समस्या बढ़ रही है, लेकिन अधिकारी गंभीर नहीं हैं। अंबेडकरनगर निवासी राणा प्रताप ने बताया कि बिजली नहीं रहने से समस्या हुई। नेहरूनगर निवासी विजय चौरसिया ने बताया कि बिजली नहीं आने से आटा चक्की भी नहीं चल पा रही है। दिन भर में करीब 15 बार बिजली गुल हुई। कभी 20 मिनट बिजली गुल हुई तो कभी दस मिनट में ही बिजली आ गई।
अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह ने बताया कि शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति की जा रही है। लोड बढ़ने से बिजली ट्रीप हो रही है।
बिजली के बदले शेड्यूल से उपभोक्ता परेशान
बागापार। चौक फीडर ने बिजली की बेतहासा कटौती एवं एक सप्ताह से बदले शेड्यूल से 50 हजार उपभोक्ताओं को दिक्कत हो रही है। बागापार, बेलवाकाजी, विजयपुर, जगपुर उर्फ सलामतगढ़, केवलापुर खुर्द, बरवाराजा, चैनपुर, नाथनगर, परासखांड, बरगदवाराजा, बड़हरा राजा, बेलभरिया, कम्हरिया कला, धरमौली, सुंदरपुर, बरईपट्टी आदि गांवों में बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को काफी दिक्कत हो रही है। ग्रामीण दीपक जायसवाल, रामहरख, आसमन, कमलेश राय ने कहा कि बिजली की आंख मिचौली से हम आजीज आ चुके हैं। चार बजे भोर में ही बिजली कट जा रही है, जिससे बच्चों को लिखने-पढ़ने में परेशानी हो रही है।