निचलौल। थाना क्षेत्र के भारत-नेपाल सरहद से सटे शीतलापुर पुलिस चौकी के पास से एसएसबी और आबकारी की संयुक्त टीम ने मंगलवार रात में मुखबिर की सूचना पर नेपाली शराब की खेप बरामद कर ली। वहीं टीम ने मौके से एक बाइक और एक युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। टीम बरामद नेपाली शराब की खेप को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। जबकि घटना स्थल से सटे पुलिस चौकी के जिम्मेदार पुलिस कर्मियों को भनक भी नही लग सकी।
आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव ने कहा की उन्हें मंगलवार रात को मुखबिर से सूचना मिली की एक युवक नेपाल से बाइक की मदद से नेपाली शराब की खेप लेकर भारत आने वाला है। सूचना के बाद उन्होंने सरहद पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों को सूचना देते हुए शीतलापुर पुलिस चौकी के पास पगडंडी सड़क पर घेराबंदी कर ली। इसी बीच नेपाल की ओर से बाइक पर बोरी में सामान लेकर आते एक युवक दिखाई दिया। उसे रोककर तलाशी ली तो बाइक पर लदी बोरे से 120 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। उसके बाद टीम ने युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम धीरज उर्फ धीरू निवासी रेंगहिया बताया। उसके विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।