महराजगंज। चौक बाजार स्थित बाबा गोरखनाथ मंदिर में कराए जा रहे निर्माण कार्यों को कार्यदायी संस्था लैकफेड के जिम्मेदार जल्द से जल्द पूरा कराएं। सोनाड़ी देवी मंदिर परिसर में भी सुंदरीकरण के कार्य को तीव्र गति से पूरा कराया जाए। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।
ये निर्देश जिलाधिकारी अनुनय झा ने सोमवार को चौक बाजार में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करते हुए दिए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में सामुदायिक शौचालय के निर्माण को तीव्र गति से पूरा कराया जाए। ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण कार्य समय से पूरा करा लिया जाए। चौक नगर पंचायत में विभिन्न विभागों व कार्यदायी संस्थाओं के साथ बैठक करते हुए डीएम ने कहा कि नगर पंचायत में वाल पेंटिंग व सड़क के दोनों तरफ पौधरोपण कराया जाए। नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था दुरुस्त किया जाए व नगर पंचायत को मॉडल के रूप में विकसित किया जाए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, अपर जिलाधिकारी पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।